
कटिहार (बिहार)
जिले के एक सहायक थाना से लाइसेंसी पिस्टल के रहस्यमय ढंग से गायब हो जाने का मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामला सामने आते ही थाना परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चुनाव के दौरान एक लाइसेंसधारी द्वारा नियमानुसार अपनी पिस्टल सहायक थाना में जमा कराई गई थी। हाल ही में जब थाना स्तर पर हथियारों की नियमित जांच की गई, तो उक्त लाइसेंसी पिस्टल गायब पाई गई। हैरानी की बात यह है कि पिस्टल बिना मैगजीन की थी, इसके बावजूद उसका थाना परिसर से लापता होना गंभीर लापरवाही की ओर इशारा करता है।
पिस्टल के गायब होने की जानकारी मिलते ही थाना स्तर पर काफी खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लग सका। इसके बाद मामले की सूचना वरीय अधिकारियों को दी गई।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने बताया कि प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए सहायक थाना में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और जांच के दौरान जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की तहकीकात कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि थाना परिसर जैसी सुरक्षित जगह से लाइसेंसी हथियार आखिर कैसे गायब हुआ।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
पूर्णिया प्रमंडल प्रभारी
कटिहार (बिहार)
समाचार तक – बेबाक खबर बड़ा असर



