
मड़ावरा (ललितपुर)
मड़ावरा तहसील गेट के पास हुए भीषण सड़क हादसे ने एक युवा परिवार की खुशियां छीन लीं। मध्य प्रदेश के सागर की ओर से तेज रफ्तार आ रही मारुति इको कार ने पीछे से मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे 28 वर्षीय युवक नितेश पटेल की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक नितेश उर्फ भज्जू पुत्र प्रागीलाल, निवासी ग्राम प्यासा थाना मड़ावरा, टैक्सी एजेंसी में कार्यरत था। वह रोज की तरह काम पर आया था और किसी आवश्यक कार्य से तहसील गया हुआ था। तहसील से लौटते समय जैसे ही वह अपने कार्यस्थल की ओर बढ़ा, तभी तहसील गेट के सामने बाजार की तरफ जाते हुए पीछे से तेज रफ्तार मारुति इको कार संख्या MP15ZE4861 ने उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि नितेश ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के तुरंत बाद कार चालक मौके से भागने लगा। कार में सवार तीन लोगों में से दो भागने में सफल हो गए, जबकि एक व्यक्ति को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार चालक और उसमें सवार सभी लोग शराब के नशे में धुत थे। पकड़ा गया व्यक्ति भी नशे की हालत में पाया गया, जिसे बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद प्रभारी तहसीलदार ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए नितेश को अपनी निजी गाड़ी से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ावरा पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जैसे ही हादसे की सूचना परिवार को मिली, मृतक के माता-पिता और बड़े भाई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। नितेश की मौत की खबर मिलते ही परिजनों की चीख-पुकार से पूरा परिसर शोक में डूब गया। नितेश अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है, जिनमें एक दो वर्ष की बच्ची और सात माह का बेटा शामिल है।
सूचना पर मड़ावरा पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पुलिस फरार कार चालक और अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
रिपोर्ट – आर के पटेल (ललितपुर)
समाचार तक – बेबाक खबर बड़ा असर



