Uttar Pradesh; अवैध वसूली के आरोप में चार तथाकथित पत्रकार गिरफ्तार
पत्रकारिता की आड़ में धमकी देकर वसूली का आरोप, सफदरगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई

बाराबंकी (उत्तर प्रदेश)
सफदरगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने पत्रकारिता की आड़ में अवैध वसूली करने वाले चार तथाकथित पत्रकारों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी न्यूज पोर्टल और सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें चलाने या वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ग्राम प्रधानों, कोटेदारों और गौशाला संचालकों से पैसे ऐंठते थे।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए सभी आरोपी गोंडा जिले के निवासी हैं, जिनकी पहचान विशाल गुप्ता, मनीष कुमार उर्फ सम्राट, आशीष मिश्रा और रूबी अवस्थी के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से पांच मोबाइल फोन और एक कार बरामद की गई है। जांच में सामने आया है कि यह गिरोह गोंडा, बाराबंकी और आसपास के जिलों में सक्रिय था।
ताजा मामला सफदरगंज थाना क्षेत्र के औलिया लालपुर स्थित एक गौ आश्रय स्थल से जुड़ा बताया गया है। आरोप है कि आरोपियों ने गौशाला से जुड़ी खबर को दबाने के बदले एक लाख रुपये की मांग की थी। गौशाला संचालक ने पैसे देने से इनकार करते हुए मामले की प्राथमिकी दर्ज करा दी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
रिपोर्ट – समाचार तक, बेबाक खबर, बड़ा असर
बाराबंकी (उत्तर प्रदेश)
समाचार तक – बेबाक खबर बड़ा असर



