Uttar Pradesh ; धवा मार्ग पर काल बना अंधा मोड़, दो किशोरों की दर्दनाक मौत
रात में पेड़ से टकराई बाइक, सुबह झाड़ियों में मिले शव, सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल

ललितपुर (उत्तर प्रदेश)
मड़ावरा थाना क्षेत्र के धवा मार्ग पर देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो किशोरों की मौत हो गई। बाइक सवार दोनों युवक अंधे मोड़ के पास अनियंत्रित होकर बबूल के पेड़ से टकरा गए। हादसा रात लगभग दस से ग्यारह बजे के बीच हुआ बताया जा रहा है।
मृतकों की पहचान गोलू उम्र सत्रह वर्ष निवासी खिरिया छतारा कोतवाली महरौनी और विवेक उम्र पंद्रह वर्ष निवासी बनयाना थाना नाराहट के रूप में हुई है। दोनों युवक धवा गांव में एक पारिवारिक मुंडन कार्यक्रम में शामिल होने आए थे और देर रात वापस लौट रहे थे।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क किनारे झाड़ियां घनी होने के कारण रात में किसी को हादसे की जानकारी नहीं मिल सकी। सुबह जब लोग उधर से गुजरे तो झाड़ियों के बीच दोनों किशोर अचेत अवस्था में पड़े दिखाई दिए। सूचना पर मड़ावरा पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ वह अंधा मोड़ है। यहां पहले भी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। हाल में सड़क निर्माण कार्य हुआ, लेकिन चेतावनी संकेत और रिफ्लेक्टर पर्याप्त नहीं लगाए गए। ग्रामीणों ने मोड़ पर साइन बोर्ड लगाने और झाड़ियों की नियमित कटाई की मांग की है।
परिजनों में शोक की लहर है। प्रशासन से अपेक्षा की जा रही है कि दुर्घटना संभावित स्थानों पर तत्काल सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे रोके जा सकें।
रिपोर्ट – आर. के. पटेल / कमलेश कश्यप
मड़ावरा / ललितपुर
समाचार तक – बेबाक खबर बड़ा असर



