Uttar Pradesh ; गांवों में नल से जल पहुंचने पर क्या बदला
ललितपुर के पटसेमरा में जल अर्पण दिवस आयोजित, 45 गांवों को मिल रहा शुद्ध पेयजल

ललितपुर (उत्तर प्रदेश)
जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्राम पंचायत पटसेमरा में शनिवार को जल अर्पण दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को नल से जल योजना की उपलब्धियों से अवगत कराना और जल संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री मनोहर लाल, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे राजेश कुमार श्रीवास्तव, भाजपा जिलाध्यक्ष हरिश्चंद्र रावत, ब्लॉक प्रमुख मोहित निरंजन, चंद्रशेखर, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप चौबे तथा जल निगम ग्रामीण के अधिशासी अभियंता अवनीश सिंह सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
45 गांवों को मिल रहा घर घर जल
अधिकारियों ने जानकारी दी कि मसौरा सिंदवाहा ग्राम समूह पेयजल योजना के अंतर्गत 45 गांवों में घर घर नल के माध्यम से शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। इस योजना के तहत इंटेक वेल, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, ओवरहेड टैंक और विस्तृत पाइपलाइन नेटवर्क का निर्माण किया गया है।
इसके साथ ही जल अर्पण दिवस के अवसर पर पेयजल आपूर्ति व्यवस्था के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत को सौंप दी गई।
जल संरक्षण पर दिया गया संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री मनोहर लाल ने जल संरक्षण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि जल का सदुपयोग करें और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पानी की बर्बादी रोकें।
उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य केवल पानी पहुंचाना नहीं, बल्कि स्थायी और जिम्मेदार जल प्रबंधन सुनिश्चित करना है।
जागरूकता गतिविधियां भी हुईं आयोजित
कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों और ग्रामीणों द्वारा जल संरक्षण को लेकर जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं। ग्रामीणों को जल के महत्व और स्वच्छ पेयजल के लाभों के बारे में जानकारी दी गई।
ग्राम प्रधान गोपाल सिंह तोमर ने जल जीवन मिशन योजना के लिए शासन और प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे गांवों में जीवन स्तर में सुधार आया है।
रिपोर्ट – आर. के. पटेल (ललितपुर)
समाचार तक – बेबाक खबर बड़ा असर



