UTTAR PRADESH; खालिद मिल्ली इंटरमीडिएट कॉलेज कोटवा में धूमधाम से मनाया गया गणतंत्र दिवस
ध्वजारोहण के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम, विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों से गूंजा देशभक्ति का माहौल

परतावल ( महराजगंज)
गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर खालिद मिल्ली इंटरमीडिएट कॉलेज कोटवा परिसर में भव्य ध्वजारोहण समारोह का आयोजन किया गया। सुबह निर्धारित समय पर मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख आनंद शंकर वर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार के साथ आसपास के सम्मानित नागरिकों की उपस्थिति रही।
ध्वजारोहण के उपरांत छात्र छात्राओं द्वारा राष्ट्रगान, देशभक्ति गीत और स्वागत गीत प्रस्तुत किए गए, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत हो गया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों को उपस्थित लोगों ने सराहना के साथ देखा।
मुख्य अतिथि आनंद शंकर वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस हमें अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों का भी बोध कराता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं और अनुशासन, शिक्षा व संस्कारों के माध्यम से ही राष्ट्र प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ता है। उन्होंने विद्यालय से अपने पुराने संबंधों का उल्लेख करते हुए संस्थान की शिक्षा व्यवस्था की प्रशंसा की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुभाष पटेल ने कहा कि गणतंत्र दिवस संविधान के मूल्यों को अपनाने और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देता है। उन्होंने बताया कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शिक्षा देना ही नहीं बल्कि समाज और देश के लिए श्रेष्ठ नागरिक तैयार करना है।
कार्यक्रम में अभिभावक जबीउल्लाह, मजहर, हरिकेश यादव सहित शिक्षक मौलाना सनाउल्लाह, नबी, आशुतोष, विश्वामित्र यादव, रीना सिंह, जरीना खातून सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
रिपोर्ट – धनंजय पटेल
जिला ब्यूरो – महराजगंज
समाचार तक – बेबाक खबर बड़ा असर



