UTTAR PRADESH; रंजना देवी पब्लिक स्कूल में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया
विद्यालय के छात्र छात्राओं ने नृत्य, गीत, नाटक और कॉमेडी प्रस्तुत कर मोहा मन, ग्रामीणों ने की हौसला अफजाई

मड़ावरा (ललितपुर)
जनपद ललितपुर के विकास खंड महरौनी अंतर्गत ग्राम डोंगरा खुर्द स्थित रंजना देवी पब्लिक स्कूल में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के संरक्षक राजा सिंह पूर्व प्रधान तथा संस्थापक एवं प्रबंधक पत्रकार इन्द्रपाल सिंह प्रिइन्द्र द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद राष्ट्रगान गाया गया और मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पार्चन एवं दीप प्रज्ज्वलन कर महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण किया गया।
संरक्षक राजा सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आजादी हमें आसानी से नहीं मिली है, इसके पीछे देश के अनेक वीर सपूतों का बलिदान है। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी 1950 को भारतीय संविधान लागू हुआ और इसी दिन से भारत एक संप्रभु गणराज्य बना। उन्होंने युवाओं से स्वरोजगार अपनाने और आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।

संस्थापक एवं प्रबंधक पत्रकार इन्द्रपाल सिंह प्रिइन्द्र ने कहा कि 15 अगस्त 1947 को देश स्वतंत्र हुआ, लेकिन 26 जनवरी 1950 को संविधान लागू होने के साथ आजादी को पूर्णता मिली। उन्होंने बताया कि गणतंत्र का अर्थ जनता द्वारा जनता के लिए शासन है और भारतीय संविधान सभी नागरिकों को समान अधिकार और अवसर प्रदान करता है। उन्होंने संविधान के रचयिता डा भीमराव आंबेडकर सहित सभी स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर विद्यालय की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, देशभक्ति गीत, नृत्य, नाटक और कॉमेडी प्रस्तुत की गई। छात्र छात्राओं की रंगारंग प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। ग्रामीणों द्वारा नगद पुरस्कार देकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में सहायक अध्यापक मुन्नालाल कुशवाहा, भूपेन्द्र कुमार झा, संध्या यादव, तेजकुंवर सेन, शिवानी राजपूत सहित विद्यालय परिवार के सदस्य एवं सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन इंचार्ज प्रधानाचार्य रविशंकर कुशवाहा द्वारा किया गया।
रिपोर्ट – कमलेश कश्यप / आर के पटेल ललितपुर
समाचार तक – बेबाक खबर बड़ा असर



