
ललितपुर
बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत समेकित शिक्षा कार्यक्रम के तहत राजकीय आदर्श विद्यालय में दिव्यांग बच्चों के लिए सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक रामरतन कुशवाहा रहे। कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना और स्वागत गीत से हुई।
दिव्यांग बच्चों और उनके अभिभावकों को संबोधित करते हुए सदर विधायक रामरतन कुशवाहा ने कहा कि सहायक उपकरण दिव्यांग बच्चों के लिए केवल साधन नहीं बल्कि आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूत आधार हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल बच्चों के जीवन में मील का पत्थर साबित होगी और उन्हें आगे बढ़ने का आत्मविश्वास देगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रणवीर सिंह ने कहा कि सहायक उपकरण दिव्यांग बच्चों की सबसे बुनियादी आवश्यकता हैं और इनके बिना पुनर्वास की प्रक्रिया अधूरी रहती है। उन्होंने बताया कि चयनित बच्चों में ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, सीपी चेयर, वैशाखी, रोलेटर, ब्रेल किट, एमआर किट, सुगम्य केन किट, कान मशीन और कैलिपर्स जैसे उपकरण वितरित किए गए।
जिला समन्वयक समेकित शिक्षा सुजीत कुमार मौर्य ने विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष विनोद निरंजन ने कहा कि इस प्रकार के शिविर दिव्यांग बच्चों के जीवन को सरल और सम्मानजनक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

एलिम्को कानपुर के विशेषज्ञों ने उपकरणों के उपयोग और रखरखाव की जानकारी देते हुए अभिभावकों को जागरूक किया। कार्यक्रम में शिक्षक, विशेष शिक्षाकर्मी और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। संचालन ज्ञानेश तिवारी ने किया। अंत में अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।
रिपोर्ट – आर के पटेल
ललितपुर
समाचार तक – बेबाक खबर बड़ा असर



