Uttar Pradesh ; ललितपुर जनगणना 2027 प्रशिक्षण शुरू
तीन दिवसीय प्रशिक्षण में फील्ड ट्रेनरों को दी जा रही जिम्मेदारी, मई-जून में होगी हाउस लिस्टिंग

ललितपुर (उत्तर प्रदेश)
जनगणना 2027 के प्रथम चरण की तैयारियों के तहत ललितपुर में तीन दिवसीय फील्ड ट्रेनर प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित इस प्रशिक्षण की अध्यक्षता एडीएम अंकुर श्रीवास्तव ने की।
प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना कार्य को समयबद्ध और सटीक तरीके से पूरा करना है। इसमें चयनित फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षित किया जा रहा है, जो आगे प्रगणकों और सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण देंगे।
कैसे होगा जनगणना कार्य
प्रशासन के अनुसार जनगणना दो चरणों में पूरी की जाएगी। पहले चरण में मई से जून 2026 तक हाउस लिस्टिंग का कार्य किया जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण में फरवरी 2027 तक जनगणना पूरी की जाएगी।
इस बार जनगणना ऑनलाइन माध्यम से की जाएगी। सीएमएम पोर्टल पर 34 बिंदुओं पर जानकारी दर्ज की जाएगी, जिससे डेटा अधिक सटीक और पारदर्शी रहेगा।
कितने कर्मचारी होंगे तैनात
जनपद में कुल 2878 प्रगणक, 488 सुपरवाइजर, 42 फील्ड ट्रेनर और 2 मास्टर ट्रेनर नियुक्त किए जाएंगे। मास्टर ट्रेनरों को लखनऊ में प्रशिक्षण दिया जाएगा, जो आगे जिला स्तर पर अन्य कर्मचारियों को प्रशिक्षित करेंगे।
जनपद का डेटा और मैप तैयार
प्रशासन ने बताया कि ग्राम और नगर रजिस्टर के साथ-साथ मलिन बस्तियों का डेटा तैयार कर लिया गया है। इसके आधार पर जनपद का पूरा मैप भी तैयार किया गया है।
जनगणना के लिए जिले को कुल 2618 ब्लॉकों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक ब्लॉक में लगभग 800 की आबादी को शामिल कर गणना कार्य किया जाएगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना प्रभारी, मास्टर ट्रेनर, प्रगणक, सुपरवाइजर और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट – आर. के. पटेल
ललितपुर
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



