
कटिहार (बिहार)
रसोई गैस की बढ़ती कीमतों और बाजार में सिलेंडर की किल्लत को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। कटिहार जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कुमार यादव ने इस मुद्दे पर केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए आम लोगों को राहत देने की मांग की है।
सुनील कुमार यादव ने कहा कि गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आम आदमी का घरेलू बजट बिगड़ गया है। पहले से ही महंगाई से परेशान जनता अब गैस की किल्लत और कालाबाजारी की समस्या से जूझ रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन की नजर के सामने गैस सिलेंडर की कालाबाजारी हो रही है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। इस कारण आम उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कई उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। वहीं कुछ जगहों पर अधिक कीमत लेकर सिलेंडर देने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही गैस की कीमतों पर नियंत्रण नहीं किया गया और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे।
उन्होंने सरकार से मांग की कि गैस वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाए। साथ ही आम जनता को महंगाई से राहत देने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
प्रमंडल प्रभारी पूर्णिया (बिहार)
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



