
कटिहार (बिहार)
कटिहार शहर के ऐतिहासिक एवं आस्था के प्रमुख केंद्र दुर्गा स्थान चौक स्थित प्राचीन शनिदेव मंदिर अपनी स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होने पर स्वर्ण जयंती महोत्सव मनाने जा रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर पर 10 अगस्त से 12 अगस्त तक तीन दिवसीय भव्य धार्मिक महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। 72 घंटे तक चलने वाले इस विशेष आयोजन में शोभायात्रा, शनिदेव कथा, संगीतमय जागरण, आकर्षक झांकियां और जन्म महोत्सव सहित कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
10 अगस्त को निकलेगी भव्य शोभायात्रा
महोत्सव का शुभारंभ 10 अगस्त, सोमवार को सुबह 10 बजे मंदिर परिसर से नगर भ्रमण शोभायात्रा के साथ होगा। निशान लेकर शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए पूर्व नामांकन अनिवार्य रखा गया है। संध्या में विशेष पूजा-अर्चना के बाद रात्रि 8 बजे से प्रभु इच्छा तक शनिदेव कथा एवं धार्मिक चर्चा का आयोजन किया जाएगा।
संगीतमय जागरण और झांकियां रहेंगी आकर्षण
11 अगस्त, मंगलवार को रात्रि 8 बजे से भव्य रात्रि जागरण एवं झांकी कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें साँवरिया म्यूजिकल ग्रुप के अमित पोद्दार अपने भजनों की प्रस्तुति देंगे।
जन्म महोत्सव के साथ होगा महाप्रसाद वितरण
12 अगस्त, बुधवार को सुबह 7 बजे से वैदिक पूजा, अर्चना, हवन एवं तेलाभिषेक किया जाएगा। रात्रि 10 बजे से श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद वितरित किया जाएगा।
मंदिर के प्रधान सेवक एवं मुख्य पुजारी भृगुवंशी पंडित शंकर लाल शर्मा ने कहा कि मंदिर की 50 वर्षों की यात्रा श्रद्धालुओं की आस्था और सहयोग का परिणाम है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से सपरिवार महोत्सव में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की।
रिपोर्ट- प्रीतम चक्रवर्ती प्रमंडल प्रभारी- कटिहार (बिहार) समाचार तक- बेबाक खबर, बड़ा असर samachartak.co.in



