Uttar Pradesh; ललितपुर का दूध का हलवा ट्रेड शो में चमकेगा
सरवती गेहूं और उर्द की दाल को जीआई टैगिंग की तैयारी, उद्यमियों को मिलेगा लाभ

ललितपुर
जनपद ललितपुर के उत्पाद अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान बनाने की ओर बढ़ रहे हैं। ग्रेटर नोएडा में सितंबर में आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में जिले के दूध के हलवे का चयन किया गया है। एक जनपद एक व्यंजन योजना के तहत इस उत्पाद का प्रदर्शन किया जाएगा, जिसके लिए व्यापारी बृजेश जैन को भेजा जा रहा है।
जिलाधिकारी सत्य प्रकाश की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक में यह जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने इस उपलब्धि पर जनपदवासियों और उद्यमियों को बधाई देते हुए कहा कि स्थानीय उत्पादों को देश विदेश में पहचान दिलाने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
बैठक में जिलाधिकारी ने सरवती गेहूं और उर्द की दाल की जीआई टैगिंग कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि इन उत्पादों में विशेष गुणवत्ता और पोषक तत्व हैं, जिनकी जीआई टैगिंग होने से इन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी और किसानों व उद्यमियों को सीधा लाभ होगा।
जिलाधिकारी ने उद्यमियों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर समाधान के निर्देश दिए। औद्योगिक आस्थान चंदेरा में बिजली की समस्या के समाधान के लिए अधिशासी अभियंता विद्युत को एक सप्ताह के भीतर लोड के अनुसार सर्वे कर आवश्यक उपकरण स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा औद्योगिक इकाइयों में अग्निशमन व्यवस्था को शीघ्र पूरा करने और चंदेरा औद्योगिक क्षेत्र में ड्रेनेज सिस्टम निर्माण कार्य शुरू कराने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी और उद्यमी उपस्थित रहे। प्रशासन का मानना है कि इन प्रयासों से जिले के उद्योगों को नई दिशा मिलेगी और स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार मिलेगा।
रिपोर्ट- आर के पटेल
समाचार तक- बेबाक खबर, बड़ा असर
samachartak.co.in



