
कटिहार (बिहार)
कटिहार के कोढ़ा प्रखंड क्षेत्र की दक्षिणी सिमरिया पंचायत के ग्राम शिवादीह में शंकर भगवान मंदिर के पास लंबे समय से खड़े एक ट्रक को लेकर ग्रामीणों में संदेह और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने वाहन की नंबर प्लेट को लेकर गड़बड़ी की आशंका जताते हुए पुलिस प्रशासन से जांच की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार यह ट्रक करीब तीन वर्षों से उसी स्थान पर खड़ा है। आरोप है कि वाहन की असली पहचान छिपाने के लिए उस पर दूसरी नंबर प्लेट लगाई गई है। इससे क्षेत्र में तरह तरह की चर्चाएं और आशंकाएं फैल रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह लंबे समय तक लावारिस हालत में वाहन का खड़ा रहना किसी अवैध गतिविधि की ओर संकेत कर सकता है। ग्रामीणों ने बताया कि इस मामले की सूचना पहले भी पुलिस को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ट्रक के कागजात, चेसिस नंबर और वास्तविक रजिस्ट्रेशन की जांच कराई जाए और यदि कोई गड़बड़ी पाई जाती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
रिपोर्ट- प्रीतम चक्रवर्ती
प्रमंडल प्रभारी- कटिहार (बिहार)
समाचार तक- बेबाक खबर, बड़ा असर
samachartak.co.in



