भीड़ की सतर्कता से टला किडनैप, पुलिस ने छोड़ी गाड़ी कब्जे में
भीड़ की सतर्कता से टला किडनैप, पुलिस ने छोड़ी गाड़ी कब्जे में

मऊ
मोहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के सुहवल चट्टी के पास मंगलवार को 25 वर्षीय युवक का दिनदहाड़े अपहरण करने की कोशिश नाकाम हो गई। मौके पर जुटी भीड़ ने हंगामा मचाते हुए अपहरणकर्ताओं की कार को रोक लिया। इसी बीच सूचना पाकर कोतवाल कमलकांत वर्मा पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे तो आरोपी गाड़ी छोड़कर फरार हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, चकजाफरी गांव निवासी सोनू कुमार पुत्र भोलाराम, जो लकड़ी का व्यवसाय करता है, किसी लेन-देन के विवाद में सुहवल चट्टी पर बुलाया गया था। वहां पहले से मौजूद बिना नंबर की चारपहिया गाड़ी में सवार युवकों से उसकी कहासुनी हुई जो मारपीट में बदल गई। इसके बाद आरोपियों ने सोनू को जबरन गाड़ी में बैठाकर ले जाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ ने रोक दिया।
पुलिस ने अपहृत सोनू और बरामद कार को कोतवाली लाकर पूछताछ शुरू की है। कोतवाल ने बताया कि मामले में लेन-देन का विवाद सामने आया है, छानबीन की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
✍ रिपोर्ट: अजीत पटेल
जिला ब्यूरो, मऊ
समाचार तक



