महराजगंज : नवनियुक्त मुख्य सेविकाओं को सौंपे गए नियुक्ति पत्र
महराजगंज : नवनियुक्त मुख्य सेविकाओं को सौंपे गए नियुक्ति पत्र

महराजगंज।
कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के तत्वावधान में मुख्य सेविका नियुक्ति प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, जयमंगल कन्नौजिया, वीरेंद्र चौधरी तथा जिलाधिकारी संतोष शर्मा ने संयुक्त रूप से चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
नेताओं और अधिकारियों ने व्यक्त की शुभकामनाएँ
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पनियरा विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया के जरिए युवाओं का सपना पूरा किया है। उन्होंने मुख्य सेविकाओं से बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए पूरी निष्ठा से कार्य करने का आह्वान किया।
सदर विधायक ने कहा कि प्रदेश का वातावरण बदल चुका है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में युवाओं को अब उनकी मेहनत और प्रतिभा का उचित मूल्य मिल रहा है। वहीं, फरेंदा विधायक ने कहा कि इन नियुक्तियों से विभाग और अधिक सुदृढ़ होगा।
जिलाधिकारी संतोष शर्मा ने मुख्य सेविकाओं को बधाई देते हुए कहा कि आप नन्हे बच्चों के लिए यशोदा की भूमिका में होंगी। इसलिए आपको ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करना होगा।
अभ्यर्थियों और परिजनों में उत्साह
नियुक्ति पत्र पाकर नवनियुक्त मुख्य सेविकाओं और उनके परिजनों में अत्यधिक उत्साह देखने को मिला। सभी ने प्रदेश सरकार की इस पहल की सराहना की। इस अवसर पर प्रीतम विश्वकर्मा, शिल्पी सिंह, ममता सिंह, अंकित गुप्ता, प्रतिभा सिंह सहित कुल 21 मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया।
इससे पूर्व अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। कार्यक्रम का संचालन परियोजना निदेशक ने किया। इस दौरान लखनऊ से मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी देखा गया।
कार्यक्रम में रहे उपस्थित
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी बी.एन. कन्नौजिया, जिला कार्यक्रम अधिकारी दुर्गेश कुमार, समस्त सीडीपीओ, नवनियुक्त मुख्य सेविकाएँ और उनके परिजन मौजूद रहे।
ब्यूरो चीफ़ – धनंजय पटेल
महराजगंज, समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



