
कटिहार (बिहार)
बिहार सर्किल के निदेशक डाक सेवाएं पवन कुमार ने बीते 17 दिसंबर को कटिहार डाक प्रमंडल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने डाकघरों में संचालित विभिन्न सेवाओं और व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा करते हुए डाक सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ व आधुनिक बनाने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में निदेशक पवन कुमार ने सुकन्या समृद्धि योजना के खाताधारकों को पासबुक वितरित की। इसके साथ ही न्यू मार्केट स्थित प्रधान डाकघर परिसर में एटीएम मशीन का उद्घाटन भी किया। उद्घाटन के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि यह एटीएम केवल डाकघर के खाताधारकों के लिए ही नहीं बल्कि किसी भी बैंक के खाताधारकों के लिए नकद निकासी की सुविधा उपलब्ध कराएगा।
निदेशक ने कटिहार डाक प्रमंडल के अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि ग्राहकों को बेहतर और पारदर्शी सेवाएं देना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में डाक सेवाएं और अधिक जनोपयोगी बनेंगी।
इस अवसर पर डाक अधीक्षक कटिहार प्रमंडल गिरीश दास, प्रधान डाकघर कटिहार के हेड पोस्ट मास्टर अवधेश कुमार महतो, सहायक डाक अधीक्षक संजीव कुमार चौधरी, मनोरंजन कुमार, डाक निरीक्षक अमित कुमार सहित अन्य डाक कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
प्रमंडल प्रभारी – पूर्णिया
कटिहार, बिहार
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



