
महोबा (उत्तर प्रदेश)
महान समाज सुधारक और भारत की प्रथम महिला शिक्षिका माता सावित्रीबाई फुले की जयंती के अवसर पर अजनर कस्बे में मेधावी छात्र छात्राओं के सम्मान के लिए भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करना और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रोत्साहन देना रहा।
समारोह के दौरान विभिन्न विद्यालयों के उन छात्र छात्राओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने शैक्षणिक सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया। अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह भेंट कर बच्चों का उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री दद्दू प्रसाद, सपा जिलाध्यक्ष बांदा मधुसूदन कुशवाहा, पूर्व विधायक कप्तान सिंह राजपूत एवं डॉ सनद राजपूत उपस्थित रहे। वक्ताओं ने माता सावित्रीबाई फुले के जीवन संघर्ष और नारी शिक्षा के लिए उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम है।
इसी अवसर पर आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर भी ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला। जिला पंचायत सदस्य पद के लिए नवल सिंह कुशवाहा के समर्थन में ग्रामीणों ने एकजुटता का प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने कहा कि सामान्य परिवार से निकलकर समाज का प्रतिनिधित्व करने का यह अवसर क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक है। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने एक स्वर में समर्थन जताते हुए साथ चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, समाजसेवी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। समारोह का समापन शिक्षा को राष्ट्र निर्माण की नींव बताते हुए किया गया।
इस अवसर पर अमर चन्द कुशवाहा, भागीरथ यादव, सुनील कुशवाहा अधिवक्ता, हसमत, चन्द्रनारायण यादव उर्फ गुंडा, अनिल कुशवाहा, उमेश कुशवाहा, हरनारायण कुशवाहा, भारत कुशवाहा, ओमप्रकाश कुशवाहा, धीरेन्द्र सिंह यादव, अरविन्द कुशवाहा, धर्मपाल कुशवाहा, दीनदयाल कुशवाहा, सुरेश कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष मौजूद रहे।
रिपोर्ट – कमलेश कश्यप
समाचार तक – बेबाक खबर बड़ा असर



