
कटिहार
प्राणपुर प्रखंड अंतर्गत रेशना पंचायत स्थित ज्ञानोदा उच्च विद्यालय में विद्यालय का 65वां स्थापना दिवस समारोह हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में शिक्षा, संस्कृति और अनुशासन का संतुलित समन्वय देखने को मिला।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक निशा सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में स्थानीय सांसद तारिक अनवर उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन की ओर से मुख्य अतिथि द्वारा विशिष्ट अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया। अतिथियों ने विद्यालय के शैक्षणिक योगदान की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के दौरान छात्र छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विभिन्न प्रांतों की लोक संस्कृति पर आधारित नृत्य और गीतों ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यार्थियों की प्रतिभा और अनुशासन की सभी अतिथियों ने खुले मन से प्रशंसा की।
विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र छात्राओं को मंच पर पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य सैदून निशां, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनील यादव, प्रखंड अध्यक्ष लडडू सिंह, प्राणपुर प्रखंड प्रमुख अमित कुमार साह, डॉ राम नारायण सिंह, सऊद आलम, मुखिया झूलन सिंह सहित अनेक शिक्षाविद और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में और बेहतर कार्य करने का संकल्प लिया गया।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
प्रमंडल प्रभारी – पूर्णिया
समाचार तक – बेबाक खबर बड़ा असर



