
कटिहार (बिहार)
कटिहार लोकसभा क्षेत्र के रेल संपर्क को और अधिक सशक्त और आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होने जा रही है। भारत सरकार की संसदीय स्थायी समिति रेलवे के सदस्य एवं कटिहार के सांसद तारिक अनवर द्वारा कटिहार और बारसोई रेलवे स्टेशन से कुल सात नई रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।
रेलवे से प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 जनवरी 2026 को पांच नई ट्रेनों का शुभारंभ किया जाएगा। इनमें न्यू जलपाईगुड़ी से नागेरकोइल अमृत भारत एक्सप्रेस, न्यू जलपाईगुड़ी से तिरुचिरापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस, अलीपुरद्वार से पनवेल अमृत भारत एक्सप्रेस, राधिकापुर से एसएमवीटी बेंगलुरु एक्सप्रेस तथा बालुरघाट से एसएमवीटी बेंगलुरु एक्सप्रेस शामिल हैं। इन सभी ट्रेनों को कटिहार से सांसद तारिक अनवर द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।
इसके अलावा 18 जनवरी 2026 को दो और नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की शुरुआत होगी। इनमें कामाख्या से रोहतक अमृत भारत एक्सप्रेस तथा डिब्रूगढ़ से गोमती नगर अमृत भारत एक्सप्रेस शामिल हैं। इन ट्रेनों को भी कटिहार रेलवे स्टेशन से ही रवाना किया जाएगा।
इस संबंध में सांसद तारिक अनवर ने कहा कि संसदीय स्थायी समिति रेलवे का सदस्य होने के नाते उनका निरंतर प्रयास है कि कटिहार और सीमांचल क्षेत्र को बेहतर, सुरक्षित और आधुनिक रेल सेवाओं से जोड़ा जाए। उन्होंने विश्वास जताया कि इन नई ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को सुविधा मिलेगी, साथ ही व्यापार, पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति प्राप्त होगी।
कटिहार से देश के विभिन्न हिस्सों तक मजबूत रेल संपर्क की दिशा में यह पहल क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होने की उम्मीद है।
🖋️ प्रीतम चक्रवर्ती
पूर्णिया प्रमंडल प्रभारी
कटिहार (बिहार)
🟢 समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



