
कटिहार (बिहार)
कटिहार पुलिस ने नवंबर दो हजार चौबीस में हुए सनसनीखेज IIFL फाइनेंस लूटकांड का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में पंद्रह हजार रुपये के इनामी आरोपी सलामुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी तलाश में जिले भर में लगातार दबिश दी जा रही थी।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार नवंबर दो हजार चौबीस में कटिहार क्षेत्र में IIFL Home Finance से जुड़े कर्मियों से हथियार के बल पर लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। घटना के बाद पुलिस ने मौके से मिले साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की थी। कई महीनों तक चले अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार को पुलिस ने सलामुद्दीन को धर दबोचा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी बार बार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन लगातार तकनीकी निगरानी और सटीक रणनीति के चलते उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी से कई अहम सुराग हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर अन्य संभावित आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया है और मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संगठित अपराध में शामिल अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी और आम जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
जिल प्रमंडल प्रभारी – पूर्णिया
समाचार तक – बेबाक खबर बड़ा असर



