
कटिहार (बिहार)
अलीपुरद्वार से पनवेल तक सफर करने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस को कटिहार जंक्शन से भव्य समारोह के बीच हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर स्थानीय सांसद तारिक अनवर, विधायक तारकिशोर प्रसाद, कटिहार नगर निगम की महापौर उषा देवी अग्रवाल, कटिहार मंडल रेल प्रबंधक, अपर मंडल रेल प्रबंधक, कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुनील यादव, दैनिक यात्री संघ के मदनलाल मंडल सहित कई गणमान्य लोगों ने संयुक्त रूप से ट्रेन को रवाना किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद तारिक अनवर ने कहा कि अमृत भारत एक्सप्रेस के परिचालन से सीमांचल क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिली है। यह ट्रेन सीमांचल को देश के बड़े महानगरों से जोड़ने का कार्य करेगी, जिससे व्यापार, रोजगार और आवागमन को नई गति मिलेगी।
विधायक तारकिशोर प्रसाद ने ट्रेन के शुभारंभ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि यह सीमांचल के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात है। इस रेल सेवा से क्षेत्र में विकास की रफ्तार तेज होगी और यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ लंबी दूरी की यात्रा अधिक सुगम हो सकेगी।
कटिहार नगर निगम की महापौर उषा देवी अग्रवाल ने भी प्रधानमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस ट्रेन के शुरू होने से सीमांचल क्षेत्र में औद्योगिक, व्यावसायिक और सामाजिक विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी। उन्होंने इसे कटिहार और आसपास के जिलों के लिए ऐतिहासिक कदम बताया।

आधुनिक तकनीकी सुविधाओं से युक्त अमृत भारत एक्सप्रेस के शुभारंभ से यात्रियों में खासा उत्साह देखने को मिला और कटिहार जंक्शन पर उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
जिल प्रमंडल प्रभारी – पूर्णिया
समाचार तक – बेबाक खबर बड़ा असर



