Uttar Pradesh; मड़ावरा के नाले में तैरता मिला युवक का शव
तीन दिन से लापता युवक की मौत से क्षेत्र में फैली सनसनी

मड़ावरा (ललितपुर)
थाना मड़ावरा क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब स्थानीय लोगों ने मड़ावरा के एक नाले में युवक का शव तैरता हुआ देखा। शव दिखाई देने के बाद ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना मड़ावरा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अशोक कुमार वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नाले से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना मड़ावरा अंतर्गत साढूंमल और मड़ावरा के बीच बेर बाबा के पास बने नाले में शव मिलने से क्षेत्र में अफरा तफरी का माहौल बन गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया, जिसे देखकर मृतक के परिजन स्तब्ध रह गए।
मृतक की पहचान बिट्टू उर्फ शहजाद पुत्र सत्तार खान उम्र लगभग बत्तीस वर्ष निवासी साढूंमल के रूप में हुई है। बताया गया कि बिट्टू बीते तीन दिनों से घर से लापता चल रहा था। जानकारी के अनुसार उसे आखिरी बार उसी पुलिया पर बैठा देखा गया था, जिसके नीचे उसका शव बरामद हुआ है।
परिजनों ने बताया कि मृतक शराब का आदी था, ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि नशे की हालत में गिरने से उसकी मौत हुई हो सकती है। हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। मृतक दो भाइयों में बड़ा था और अपने पीछे एक पुत्र तथा दो पुत्रियों का परिवार छोड़ गया है। वह कपड़ों की सिलाई का कार्य कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट – आर. के. पटेल
ललितपुर
समाचार तक – बेबाक खबर बड़ा असर



