Uttar Pradesh; व्यापारियों की समस्याओं को लेकर पनियरा विधायक को सौंपा ज्ञापन
गृहकर जीएसटी और छापेमारी पर उठे सवाल, व्यापार हित में ठोस निर्णय की मांग

परतावल (महराजगंज)
व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं और सुझावों को लेकर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिला महामंत्री रघुनाथ गुप्त के नेतृत्व में गुरुवार को व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह को उनके आवास पर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री का ध्यान व्यापार हितों की ओर आकृष्ट कराते हुए ठोस और सकारात्मक निर्णय लिए जाने की मांग की गई।
व्यापारियों ने बताया कि आठ जनवरी को राजधानी लखनऊ में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति बैठक में प्रदेश भर से आए व्यापारियों ने अपनी समस्याएं और सुझाव रखे थे। उसी बैठक में सामने आए प्रमुख बिंदुओं के आधार पर यह ज्ञापन सौंपा गया है। ज्ञापन में गृहकर और जलकर के नाम पर अनावश्यक नोटिस भेजे जाने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे उत्पीड़न और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाला बताया गया। मांग की गई कि पूरी पारदर्शिता के साथ वास्तविक गृहकर तथा उपयोग किए गए पानी के आधार पर ही बिल लिया जाए।
व्यापारियों ने जीएसटी विभाग द्वारा जारी की जा रही अनावश्यक नोटिसों को भी बड़ी परेशानी बताया और इस संबंध में स्पष्ट दिशा निर्देश जारी कराने की मांग रखी। खाद्य एवं अन्य विभागों की सैम्पलिंग और छापेमारी को लेकर कहा गया कि बिना ठोस कारण दुकानों पर पहुंचकर व्यापारियों का उत्पीड़न किया जाता है। मांग की गई कि बिना जिलाधिकारी की अनुमति कोई भी अधिकारी सैम्पलिंग के लिए न जाए तथा व्यापार मंडल के पदाधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य की जाए।
ज्ञापन में सर्राफा व्यापारियों को प्राथमिकता के आधार पर शस्त्र लाइसेंस दिए जाने, सभी जनपदों में व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की नियमित मासिक बैठकें आयोजित कराने तथा व्यापार एवं उद्योग बंधु बैठकों को गुणवत्तापरक बनाकर समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने की मांग भी शामिल रही। इसके साथ ही हिंदू नववर्ष चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के अवसर पर उन्नीस मार्च को प्रस्तावित कार्यक्रम को भव्य रूप से आयोजित कराने में विधायक से सहयोग की अपेक्षा जताई गई।
इस अवसर पर नागेश कसौधन, राजकुमार शर्मा, भीम मद्देशिया सहित अन्य व्यापारी पदाधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट – धनंजय पटेल
जिला ब्यूरो – महराजगंज
समाचार तक – बेबाक खबर बड़ा असर



