
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)
राजकीय पॉलीटेक्निक लखनऊ में शनिवार 24 जनवरी 2026 को पंचम दीक्षांत समारोह गरिमामय और भव्य वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि डॉ हीरा लाल आईएएस सचिव राष्ट्रीय एकीकरण विभाग उत्तर प्रदेश रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना के साथ किया गया।
इस अवसर पर संस्थान के विभिन्न विभागों द्वारा तैयार 19 तकनीकी मॉडलों की प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसका अवलोकन मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों ने किया। दीक्षांत समारोह के दौरान कुल 581 छात्र छात्राओं को डिप्लोमा प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। वहीं राष्ट्रीय शिक्षा नीति दो हजार बीस के अंतर्गत 347 विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर हिंडालको इंडस्ट्रीज में कैंपस प्लेसमेंट के माध्यम से चयनित 30 विद्यार्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। इसके साथ ही मॉडल प्रदर्शनी में प्रथम द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्र टीमों को सम्मानित किया गया।
समारोह में संस्थान के प्रधानाचार्य एस एन सिंह ने राजकीय पॉलीटेक्निक की शैक्षणिक एवं संस्थागत उपलब्धियों पर आधारित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। मुख्य अतिथि डॉ हीरा लाल ने डिप्लोमा प्राप्त विद्यार्थियों को दीक्षांत शपथ दिलाई।

अपने प्रेरणादायी संबोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि तैयारी और निरंतर अभ्यास से असफलता की संभावना स्वतः कम हो जाती है। उन्होंने विद्यार्थियों से नौकरी खोजने वाले नहीं बल्कि रोजगार देने वाले बनने का आह्वान किया और स्टार्टअप तथा नवाचार पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने टीम भावना को सफलता की कुंजी बताते हुए कहा कि टीम के साथ चलने से ही निरंतर प्रगति संभव है।
कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता मास कम्युनिकेशन डॉ नीरज कुमार ने किया। समारोह में विभागाध्यक्ष प्रदीप कुमार, इंद्रजीत सचान, आनंद कुमार, निशा यादव, विपिन कुमार, प्रियंका श्रीवास्तव सहित संस्थान के सभी शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट – समाचार तक, बेबाक खबर, बड़ा असर
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)
समाचार तक – बेबाक खबर बड़ा असर



