
पूर्णिया
पूर्णिया शहर में मंगलवार को अपराधियों ने दिनदहाड़े एक बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए मक्का कारोबारी सूरज बिहारी उर्फ सूरज यादव की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक पूर्णिया शहर के सबसे बड़े मक्का गोदाम के मालिक बताए जा रहे हैं। घटना मरंगा थाना क्षेत्र के नेवालाल चौक के पास हुई, जहां अंधाधुंध फायरिंग से पूरे इलाके में अफरा तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सूरज यादव अपने निजी बंदूकधारी गार्ड के साथ कार से उतर रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। करीब पांच राउंड गोलियां चलाई गईं, जिनमें से तीन गोलियां सूरज यादव को लगीं। गंभीर हालत में उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के समय उनके साथ मौजूद निजी गार्ड और फुफेरे भाई ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने उन पर भी फायरिंग कर दी। दोनों किसी तरह जान बचाकर मौके से निकलने में सफल रहे।
दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद शहर में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही मरंगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान में जुटी हुई है। घटना के पीछे आपसी रंजिश सहित सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।
इस सनसनीखेज वारदात ने एक बार फिर पूर्णिया जिले में कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
मंडल प्रभारी पूर्णिया
समाचार तक – बेबाक खबर बड़ा असर



