
कटिहार, (बिहार)
30 जनवरी 2026 को कटिहार इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में अग्नि सुरक्षा एवं जन जागरूकता अभियान के तहत आग से बचाव और रोकथाम को लेकर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस अभ्यास का उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में आग लगने की घटनाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए छात्रों और कॉलेज कर्मियों को व्यवहारिक प्रशिक्षण देना रहा।
कार्यक्रम में सहायक जिला अग्निशमन पदाधिकारी मनोरंजन कुमार चौधरी, अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी साधना भारती, प्रधान अग्निक राजा बाबू सहित अग्निशमन विभाग के अन्य कर्मी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने आग लगने की स्थिति में तुरंत उठाए जाने वाले प्राथमिक कदमों, अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग तथा सुरक्षित निकासी की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
मॉक ड्रिल के दौरान कॉलेज परिसर में आग लगने की एक काल्पनिक स्थिति तैयार की गई, जिसमें त्वरित प्रतिक्रिया, आपसी समन्वय और बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान छात्रों और कर्मियों को बताया गया कि घबराए बिना किस प्रकार सूझबूझ से स्थिति को नियंत्रित किया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में अग्निशमन अधिकारियों ने सभी से आग से बचाव के प्रति सतर्क रहने और सुरक्षा नियमों का नियमित रूप से पालन करने की अपील की। मॉक ड्रिल से छात्रों और कर्मचारियों में आपदा प्रबंधन को लेकर जागरूकता बढ़ी।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
प्रमंडल प्रभारी पूर्णिया
समाचार तक – बेबाक खबर बड़ा असर



