
कटिहार
कटिहार जिले के कुरसेला प्रखंड अंतर्गत उत्तरी मुरादपुर पंचायत स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र के समीप बांसबाड़ी इलाके में दर्जनों कौवों की संदिग्ध मौत के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पशुपालन विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है।
जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी के निर्देश पर जिला पशुपालन पदाधिकारी द्वारा विशेष टीम को मौके पर भेजा गया। टीम ने मृत कौवों के सैंपल एकत्र कर जांच के लिए सुरक्षित किया है। पशुपालन विभाग के अनुसार इन सैंपलों को राज्य स्तरीय प्रयोगशाला पटना भेजा जाएगा, जहां वैज्ञानिक तरीके से जांच कराई जाएगी।
जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ प्रमोद कुमार मेहता ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने तक संबंधित क्षेत्र में निरंतर निगरानी रखी जा रही है। साथ ही अन्य पक्षियों की स्थिति पर भी नजर रखी जा रही है ताकि किसी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके।
पशुपालन विभाग का कहना है कि तकनीकी स्तर पर सभी संभावित कारणों की जांच की जाएगी और आवश्यकता के अनुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है, जिसे देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्कता बरत रहा है।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि संदिग्ध मौतों के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और पशुपालन विभाग के सहयोग से हर आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जाएंगे।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
जिल प्रमंडल प्रभारी – पूर्णिया
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



