
पटना (बिहार)
कांग्रेस पार्टी को बिहार में नया सशक्त आधार मिलता नजर आ रहा है। संगठन को मजबूती देने की दिशा में युवा ब्राह्मण चेतना मंच के शीर्ष पदाधिकारियों ने औपचारिक रूप से कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है, जिससे राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रभारी कृष्णा अल्लावरू तथा बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान युवा ब्राह्मण चेतना मंच के राष्ट्रीय संयोजक डॉ सुभाष पांडे, बिहार प्रदेश अध्यक्ष संतोष चौधरी और प्रदेश महासचिव राहुल भारद्वाज ने कांग्रेस की सदस्यता ली।
कांग्रेस नेतृत्व ने सभी नवप्रवेशी नेताओं का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि यह कदम संगठन को नई ऊर्जा देने वाला है। नेताओं ने कहा कि सामाजिक समरसता, युवा सशक्तिकरण और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में यह जुड़ाव महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
वहीं कांग्रेस में शामिल हुए नेताओं ने पार्टी की विचारधारा पर भरोसा जताते हुए जनहित के मुद्दों को लेकर सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि वे कांग्रेस के माध्यम से समाज के हर वर्ग की आवाज को मजबूती से उठाएंगे।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि युवा ब्राह्मण चेतना मंच के प्रमुख नेताओं का कांग्रेस में शामिल होना आगामी राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। इससे कांग्रेस को सामाजिक आधार विस्तार में नई मजबूती मिलने की संभावना जताई जा रही है।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
जिल प्रमंडल प्रभारी – पूर्णिया
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



