
कटिहार
कटिहार और सीमांचल क्षेत्र के यात्रियों के लिए बेहतर रेल सुविधाओं की दिशा में एक अहम पहल सामने आई है। सांसद तारिक अनवर ने माननीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर एक विस्तृत मांग पत्र सौंपते हुए कटिहार होकर गुजरने वाली कई प्रमुख ट्रेनों के फेरे बढ़ाने और एक ट्रेन के विस्तार की मांग रखी है।
सांसद द्वारा सौंपे गए मांग पत्र में सीमांचल क्षेत्र से देश के विभिन्न हिस्सों कर्नाटक, तमिलनाडु, गुजरात, महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों की यात्रा करने वाले यात्रियों की समस्याओं का उल्लेख किया गया है। उन्होंने कहा कि रेल कनेक्टिविटी कमजोर होने के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
मांग पत्र में मुजफ्फरपुर से एसएमवीटी बेंगलुरु ट्रेन, अगरतला से लोकमान्य तिलक टर्मिनल एक्सप्रेस तथा जोगबनी से कोलकाता एक्सप्रेस के फेरे बढ़ाने का आग्रह किया गया है। इसके साथ ही कटिहार से हावड़ा एक्सप्रेस को प्रतिदिन चलाने और मालदा से सूरत ट्रेन का विस्तार कटिहार तक करने का प्रस्ताव भी रखा गया है।
सांसद तारिक अनवर ने कहा कि इन ट्रेनों के फेरे बढ़ने और विस्तार से न केवल सीमांचल के लाखों यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि रेलवे के राजस्व में भी वृद्धि होगी। उन्होंने यह भी कहा कि कटिहार और सीमांचल क्षेत्र के विकास तथा आम जनता की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए उनके प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
रेल मंत्री के समक्ष रखी गई इन मांगों को लेकर क्षेत्र के लोगों में उम्मीद जगी है कि आने वाले समय में सीमांचल को बेहतर रेल कनेक्टिविटी की सौगात मिल सकती है।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
जिल प्रमंडल प्रभारी – पूर्णिया
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



