
कटिहार (बिहार)
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कला एवं संस्कृति विभाग तथा जिला प्रशासन कटिहार के संयुक्त तत्वावधान में स्थानीय नगर प्रेक्षागृह में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला शक्ति के योगदान और समाज में उनकी बढ़ती भूमिका को सम्मानपूर्वक रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी, उप विकास आयुक्त अमित कुमार, अपर जिला पदाधिकारी डॉ विनोद कुमार, सिविल सर्जन डॉ जितेंद्र नाथ सिंह तथा जिला कला पदाधिकारी रीना गुप्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन, कला और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही हैं और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण समाज के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली कई महिलाओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के सम्मान से महिलाओं का मनोबल बढ़ता है और वे समाज में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित होती हैं।
इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में कलाकारों ने नृत्य, संगीत और नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से महिला शक्ति, उनके संघर्ष और उपलब्धियों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। इन प्रस्तुतियों ने दर्शकों को काफी प्रभावित किया और पूरा सभागार तालियों की गूंज से भर गया।
कार्यक्रम में जिले के कई अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से महिला सम्मान, समानता और सशक्तिकरण का संदेश समाज तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
प्रमंडल प्रभारी पूर्णिया
कटिहार (बिहार)
समाचार तक
बेबाक खबर बड़ा असर



