Uttar Pradesh ; जमीन विवाद से परेशान युवक ने किया विषैले पदार्थ का सेवन, मौत के बाद मड़ावरा में प्रदर्शन
आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों ने सड़क पर रखा शव, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

ललितपुर (उत्तर प्रदेश)
मड़ावरा कस्बे में जमीन विवाद से जुड़ा एक दर्दनाक मामला सामने आया है। विवाद से परेशान एक युवक ने विषैले पदार्थ का सेवन कर लिया। इलाज से पहले ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।
मृतक की पहचान गोविंद रायकवार उर्फ मन्नू उम्र लगभग 36 वर्ष निवासी मड़ावरा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार युवक का कुछ लोगों से कई महीनों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि विपक्षी पक्ष उसे लगातार परेशान और धमका रहा था।
कैसे हुई घटना
परिजनों ने बताया कि 9 मार्च सोमवार की शाम करीब 7 बजे मृतक की पत्नी, जो मंडी में मजदूरी करती है, घर लौटी। घर पहुंचने पर उसने पति को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। इसके बाद परिवार के लोग तुरंत उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ावरा लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि युवक ने विषैले पदार्थ का सेवन किया था। इसी कारण उसकी मौत हो गई।
प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई
मामले की सूचना मिलते ही मड़ावरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अगले दिन पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव पहुंचा तो परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
स्थिति को देखते हुए मड़ावरा पुलिस, क्षेत्राधिकारी और आसपास के दो थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। काफी समझाइश और जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद देर रात अंतिम संस्कार कराया गया।
पुलिस ने क्या कहा
पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी फिलहाल घर से फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
भूमाफिया को लेकर भी उठे सवाल
घटना के बाद क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मड़ावरा क्षेत्र में कुछ कथित भूमाफिया सक्रिय हैं। आरोप है कि ऐसे लोग फर्जी दस्तावेजों और बैनामों के जरिए जमीनों पर कब्जा करने की कोशिश करते हैं।
लोगों का कहना है कि पहले सीमित जमीन रखने वाले कुछ लोग अब बड़े पैमाने पर जमीन के मालिक बन गए हैं। उनके पास जिले के बाहर भी संपत्ति होने की चर्चा है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से ऐसे मामलों की जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
रिपोर्ट – कमलेश कश्यप
मड़ावरा/ललितपुर
समाचार तक
बेबाक खबर बड़ा असर



