
कटिहार (बिहार)
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यक्रम को लेकर कटिहार नगर निगम की मेयर और डिप्टी मेयर की नाराज़गी सामने आई है। कार्यक्रम में व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों की भूमिका को लेकर दोनों ने कड़ी आपत्ति जताई है।
कटिहार की मेयर उषा देवी अग्रवाल ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम की तैयारियों में नगर निगम के जनप्रतिनिधियों को नजरअंदाज किया गया। उन्होंने कहा कि यह लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है। विकास से जुड़े कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को उचित सम्मान और सहभागिता मिलनी चाहिए।
मेयर ने कहा कि कुछ लोगों द्वारा जानबूझकर उन्हें और अन्य जनप्रतिनिधियों को किनारे करने की कोशिश की गई। उन्होंने इसे राजनीतिक साजिश बताया और कहा कि इस तरह की स्थिति स्वीकार नहीं की जा सकती।
डिप्टी मेयर मंजूर खान ने भी मेयर के बयान का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि नगर निगम के निर्वाचित प्रतिनिधियों की अनदेखी करना जनता के जनादेश का अपमान है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
मेयर ने कहा कि यदि भविष्य में भी ऐसी स्थिति बनी रहती है तो वे इस मुद्दे को उच्च स्तर पर उठाने से पीछे नहीं हटेंगी। इस घटना के बाद कटिहार के राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
प्रमंडल प्रभारी पूर्णिया (बिहार)
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



