Uttar Pradesh; परतावल में नाली ध्वस्त, जनाक्रोश भड़का
डेढ़ साल में टूटी नाली, बिजली पोल न लगने से लोग सड़कों पर उतरे

महराजगंज
परतावल नगर पंचायत के वार्ड नंबर 8 क्षत्रपति शिवाजी नगर मेहाबार में मूलभूत सुविधाओं की बदहाली को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। टूटी नाली और बिजली पोल न लगने की समस्या से परेशान स्थानीय लोगों ने बुधवार को प्रदर्शन किया।
मोहल्ले में बनी नाली के टूट जाने से जल निकासी पूरी तरह ठप हो गई है। जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं, जिससे आए दिन बच्चे गिरकर चोटिल हो रहे हैं। लोगों का आरोप है कि करीब डेढ़ साल पहले ही नाली का निर्माण कराया गया था, लेकिन घटिया गुणवत्ता के कारण वह अब पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।
स्थानीय निवासियों अच्छेलाल और रजनी राजभर ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है। बरसात के समय हालात और खराब हो जाते हैं, जब पानी घरों तक पहुंच जाता है और जीवन अस्त-व्यस्त हो जाता है।
लोगों ने यह भी बताया कि मोहल्ले में स्थित पोखरे की हालत बेहद खराब है। उसकी सफाई और खुदाई नहीं होने से जलभराव की समस्या और बढ़ रही है। वहीं कई स्थानों पर बिजली पोल न लगाए जाने से अंधेरा और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
इस मामले में नगर पंचायत परतावल की अधिशासी अधिकारी कनुप्रिया शाही ने बताया कि शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है। जांच के बाद दोषी ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और टूटी नाली को लेकर नोटिस जारी किया जाएगा। जहां नाली निर्माण नहीं हुआ है, वहां प्रस्ताव भेजा गया है और धन उपलब्ध होते ही कार्य कराया जाएगा।
रिपोर्ट – धनंजय पटेल
जिला ब्यूरो – महराजगंज
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



