Uttar Pradesh; मड़ावरा में वकीलों की हड़ताल का ऐलान
विद्युत विभाग पर तानाशाही का आरोप, कार्रवाई न होने पर बार संघ सख्त

मड़ावरा / ललितपुर
मड़ावरा में बार संघ ने विद्युत विभाग के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए हड़ताल का ऐलान कर दिया है। अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया है कि प्रशासन की चुप्पी के कारण विभाग की मनमानी बढ़ती जा रही है।
बार एसोसिएशन मड़ावरा की बैठक 9 अप्रैल 2026 को अध्यक्ष कपिल देव दुबे की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में 31 मार्च को वरिष्ठ अधिवक्ता बृजलाल साहू के साथ विद्युत विभाग के जेई मनोज कुमार द्वारा हुई घटना पर चर्चा की गई।
अधिवक्ताओं ने बताया कि इस मामले में थानाध्यक्ष मड़ावरा, आयुक्त झांसी मंडल और जिलाधिकारी ललितपुर को लगातार ज्ञापन दिए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
अधिवक्ताओं का आरोप है कि इस प्रकरण में अधिवक्ता की पत्नी पर फर्जी एफआईआर दर्ज की गई है, जिसे वापस लेने की मांग की गई है।
कार्रवाई न होने से नाराज अधिवक्ताओं ने 10 अप्रैल से न्यायिक कार्य से पूर्णतः विरत रहने का निर्णय लिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि समस्या का समाधान न होने तक किसी भी न्यायालय में सहयोग नहीं करेंगे।
बार संघ ने चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा करते हुए बताया कि 10 से 12 अप्रैल तक क्रमिक अनशन, 13 से 15 अप्रैल तक आमरण अनशन और 16 अप्रैल से भूख हड़ताल की जाएगी।
यह आंदोलन तहसील परिसर मड़ावरा में किया जाएगा। अधिवक्ताओं ने स्पष्ट कहा है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
बैठक में बार संघ के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।
रिपोर्ट – आर के पटेल
ललितपुर
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



