
अररिया
अररिया जिले के फॉरबिसगंज में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। मामूली विवाद के चलते एक युवक की दिनदहाड़े गला रेतकर हत्या कर दी गई, जिसके बाद उग्र भीड़ ने आरोपी को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सत्तू बेचने वाले एक व्यक्ति ने धारदार हथियार से युवक पर लगातार हमला किया। कुछ ही मिनटों में घटना इतनी भयावह हो गई कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई, लेकिन मौके पर मौजूद लोग भय और दहशत के कारण तमाशबीन बने रहे। कुछ लोग वीडियो बनाते रहे, लेकिन किसी ने आरोपी को रोकने की कोशिश नहीं की।
हत्या के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गुस्साई भीड़ ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। भीड़ का गुस्सा इतना बढ़ गया कि आरोपी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के दौरान पुलिस के देर से पहुंचने को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि समय रहते पुलिस पहुंचती तो हालात को काबू में किया जा सकता था।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
जिल प्रमंडल प्रभारी – पूर्णिया
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



