
महराजगंज
गोरखपुर परिक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक एस. चन्नप्पा ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के साथ थाना घुघली और थाना भिटौली का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थानों की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने थाना समाधान दिवस में पहुंचकर लोगों की शिकायतें सुनीं और उनके निष्पक्ष तथा समयबद्ध निस्तारण पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, कार्यालय, महिला हेल्प डेस्क, मालखाना, शस्त्रागार, हवालात, बैरक, भोजनालय, सीसीटीएनएस कार्यालय, अभिलेखों के रखरखाव तथा साफ-सफाई का बारीकी से निरीक्षण किया गया। डीआईजी ने लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई, वांछित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी और वारंटों की समय पर तामील सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने हिस्ट्रीशीटरों और सक्रिय अपराधियों की नियमित निगरानी रखने के साथ महिला एवं कमजोर वर्ग से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने पर विशेष बल दिया।
थाना घुघली और थाना भिटौली में आयोजित समाधान दिवस के दौरान पुलिस उप महानिरीक्षक और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से लोगों की शिकायतें सुनीं। प्राप्त प्रार्थना पत्रों को गंभीरता से सुनने के बाद संबंधित पुलिस और राजस्व अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद और अन्य संवेदनशील मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग आपसी समन्वय बनाकर मौके पर पहुंचें तथा निष्पक्ष कार्रवाई करें, जिससे आम नागरिकों को समय पर न्याय मिल सके।
डीआईजी ने कहा कि थाना समाधान दिवस शासन की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल है। इसलिए प्रत्येक शिकायत का पारदर्शी, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि किसी भी शिकायतकर्ता को अनावश्यक रूप से बार-बार थाने या तहसील के चक्कर न लगाने पड़ें।
निरीक्षण के दौरान नियमित पैदल गश्त, रात्रि भ्रमण, बैंक और बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच, सोशल मीडिया की सतत निगरानी, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध की रोकथाम तथा बीट पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने भी अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने तथा आमजन के साथ सम्मानजनक और मित्रवत व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण एवं समाधान दिवस के दौरान क्षेत्राधिकारी सदर, थाना प्रभारी भिटौली सत्येन्द्र कुमार राय, थाना प्रभारी घुघली सूरज कुमार, राजस्व विभाग के अधिकारी तथा अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट : धनंजय पटेल ब्यूरो चीफ, महराजगंज
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



