Uttar Pradesh ; महराजगंज के ज्ञानेंद्र गुप्ता ने SSC CGL 2025 में लहराया परचम
शिक्षा मंत्रालय, नई दिल्ली में असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर बने, नौकरी के साथ ऑनलाइन तैयारी कर हासिल की बड़ी सफलता

महराजगंज
महराजगंज जिले के निचलौल विकासखंड अंतर्गत ग्राम खोन्हौली निवासी ज्ञानेंद्र गुप्ता ने कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा (SSC CGL 2025) में शानदार सफलता हासिल कर जिले का नाम पूरे देश में रोशन किया है। उनका चयन केंद्रीय सचिवालय, नई दिल्ली स्थित शिक्षा मंत्रालय में असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर (Assistant Section Officer) पद पर हुआ है। इस उपलब्धि के बाद परिवार, रिश्तेदारों और पूरे गांव में खुशी का माहौल है। उन्हें लगातार बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
ज्ञानेंद्र गुप्ता वर्तमान में नई दिल्ली स्थित लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज में वर्ष 2023 से लोअर डिवीजन क्लर्क (LDC) के पद पर कार्यरत हैं। नौकरी की व्यस्तता के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य से समझौता नहीं किया। नियमित ड्यूटी के बाद ऑनलाइन माध्यम से लगातार पढ़ाई करते हुए उन्होंने SSC CGL 2025 जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल कर युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।
ज्ञानेंद्र ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा निचलौल नगर स्थित सेक्रेड हार्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल से प्राप्त की। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री हासिल की। पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर दी थी और लगातार मेहनत, अनुशासन तथा आत्मविश्वास के दम पर आज यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की।
ज्ञानेंद्र अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र हैं। उनके पिता ध्रुवनारायण गुप्ता परिषदीय विद्यालय लोहेपार में प्रभारी प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत हैं, जबकि माता ऊषा गुप्ता गृहिणी हैं। उनकी बड़ी बहन रागनी गुप्ता लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज, मेरठ से एमबीबीएस इंटर्नशिप कर रही हैं। परिवार का शैक्षणिक वातावरण और माता-पिता का मार्गदर्शन उनकी सफलता की मजबूत नींव बना।
ज्ञानेंद्र की सफलता पर दादा रामसूरत गुप्ता, दादी सुरसती देवी, चाचा जनार्दन गुप्ता, चाची आरती गुप्ता, चचेरी बहन अनुष्का गुप्ता और आरुषि गुप्ता सहित परिजनों तथा ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त की। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ज्ञानेंद्र ने पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है।
अपनी सफलता पर ज्ञानेंद्र गुप्ता ने कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत पूरी ईमानदारी से की जाए तो कोई भी परीक्षा कठिन नहीं होती। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, परिवार और गुरुजनों को दिया। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं से नियमित अध्ययन, अनुशासन और सकारात्मक सोच बनाए रखने की अपील की।
ज्ञानेंद्र गुप्ता की यह उपलब्धि महराजगंज के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है। सीमित संसाधनों के बावजूद कठिन परिश्रम और सही रणनीति के साथ राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षा में सफलता प्राप्त की जा सकती है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से हर सपना साकार किया जा सकता है।
रिपोर्ट- धनंजय पटेल, जिला ब्यूरो, महराजगंज (UP)
समाचार तक- बेबाक खबर, बड़ा असर
samachartak.co.in



