Uttar Pradesh; ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन का उग्र प्रदर्शन, साजिश के खिलाफ हुंकार
पत्रकार को फंसाने की कोशिश पर बवाल, आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

मड़ावरा / ललितपुर
मड़ावरा में पत्रकारों के खिलाफ रची गई कथित साजिश के विरोध में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के बैनर तले पत्रकारों का उग्र प्रदर्शन देखने को मिला। बड़ी संख्या में पत्रकार मड़ावरा कोतवाली पहुंचे और जोरदार विरोध दर्ज कराते हुए निष्पक्ष जांच तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
पत्रकारों ने साफ कहा कि यह पूरा प्रकरण एक सुनियोजित षड्यंत्र है, जिसका मकसद निष्पक्ष और बेबाक पत्रकारिता को दबाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में जमीन से जुड़े संवेदनशील मामलों को उजागर करने के बाद कुछ लोगों द्वारा रंजिशन पत्रकार को झूठे आरोपों में फंसाने की साजिश रची गई।
प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों ने कहा कि आरोप पूरी तरह निराधार, विरोधाभासी और गढ़े हुए हैं। कभी पैसों की मांग तो कभी जमीन के विवाद का आरोप लगाकर सच्चाई को भटकाने की कोशिश की जा रही है।
पत्रकारों ने यह भी आरोप लगाया कि सोशल मीडिया और वीडियो के माध्यम से योजनाबद्ध तरीके से भ्रामक प्रचार कर एक ईमानदार पत्रकार की छवि खराब करने का प्रयास किया गया, लेकिन पत्रकारों की एकजुटता ने इस साजिश को बेनकाब कर दिया।
ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि इस मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
पत्रकारों ने प्रशासन से मांग की कि झूठे आरोप लगाने और दुष्प्रचार करने वाले लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी पत्रकार को इस तरह फंसाने की हिम्मत न हो।
इस दौरान संगठन के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। कोतवाली में दिए गए ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन को स्पष्ट संदेश दिया गया कि पत्रकारिता के सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
रिपोर्ट – आर के पटेल
ललितपुर
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



