
कटिहार
कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत गेराबाड़ी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर शनिवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। तेज रफ्तार बस और पिकअप वाहन की आमने-सामने की टक्कर में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन में सवार लोग किसी कार्य से लौट रहे थे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार बस से सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वाहन पूरी तरह चकनाचूर हो गया और कई लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों को कोढ़ा, कटिहार और आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जबकि गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर किया गया है।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार इलाज के दौरान कुछ और घायलों की मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। मृतकों में पुरुष और महिलाएं दोनों शामिल हैं, जिनकी पहचान की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता का भरोसा दिया है।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
जिल प्रमंडल प्रभारी – पूर्णिया
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



