
कटिहार
महिला आरक्षण कानून को लेकर कटिहार में कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनील कुमार यादव ने कहा कि महिला आरक्षण कानून पारित होने के बाद भी अब तक लागू नहीं किया गया, जिससे महिलाओं को उनका अधिकार नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने कहा कि संसद से पारित होने के बावजूद इस कानून का लाभ धरातल पर नहीं दिख रहा है। जनगणना और परिसीमन का हवाला देकर इसे टाला जा रहा है, जिससे महिलाओं के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि यदि सरकार की नीयत स्पष्ट होती तो महिला आरक्षण कानून अब तक लागू हो चुका होता। उन्होंने इसे केवल राजनीतिक घोषणा बताते हुए कहा कि महिलाओं के अधिकारों को लगातार टाला जा रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि सामाजिक न्याय सुनिश्चित करने के लिए पिछड़े और वंचित वर्ग की महिलाओं को उचित भागीदारी मिलनी चाहिए। कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर लगातार अपनी आवाज उठाती रही है।
सुनील कुमार यादव ने कहा कि महिला सशक्तिकरण की मजबूत नींव पहले ही रखी जा चुकी है, लेकिन वर्तमान समय में इसे प्रभावी ढंग से लागू करने की आवश्यकता है।
अंत में उन्होंने चेतावनी दी कि यदि महिला आरक्षण कानून लागू नहीं किया गया, तो कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लेकर सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
पूर्णिया प्रमंडल प्रभारी
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



