
कटिहार
नारी शक्ति वंदन कानून को लेकर कटिहार में कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी जिलाध्यक्ष सौरभ कुमार ने कहा कि कानून बनने के बाद भी अब तक इसका लाभ महिलाओं तक नहीं पहुंचा है।
उन्होंने कहा कि यह कानून संसद से पारित होकर राष्ट्रपति की मंजूरी भी प्राप्त कर चुका है, लेकिन इसके बावजूद इसका क्रियान्वयन नहीं होना चिंता का विषय है। इससे महिलाओं को उनके अधिकारों से वंचित रखा जा रहा है।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि जनगणना और परिसीमन का हवाला देकर कानून को लागू करने में देरी की जा रही है। यदि सरकार की मंशा स्पष्ट होती तो इसे लागू किया जा सकता था।
उन्होंने यह भी कहा कि पिछड़े और वंचित वर्ग की महिलाओं को विशेष भागीदारी मिलनी चाहिए। कांग्रेस इस मांग को लंबे समय से उठाती रही है।
सौरभ कुमार ने कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में पहले भी ठोस प्रयास किए गए हैं, लेकिन वर्तमान समय में इसे लागू करने की जरूरत है।
अंत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगी और महिलाओं के अधिकारों के लिए आवाज उठाती रहेगी।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
पूर्णिया प्रमंडल प्रभारी
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



