Uttar Pradesh; स्मार्ट मीटर पर बड़ी राहत का ऐलान
30 दिन तक नहीं कटेगी बिजली, निर्देशों के पालन में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई

उत्तर प्रदेश
स्मार्ट और प्रीपेड मीटर को लेकर लगातार उठ रही शिकायतों के बीच सरकार ने उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है। अब 1 किलोवाट तक के घरेलू उपभोक्ताओं की बिजली 30 दिन तक बिना रिचार्ज के भी नहीं काटी जाएगी, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग को सीधा लाभ मिलेगा।
ऊर्जा विभाग के निर्देशों के अनुसार 1 किलोवाट तक के उपभोक्ता अब महीने में एक बार रिचार्ज कर सकेंगे। वहीं 2 किलोवाट तक के उपभोक्ताओं को भी राहत देते हुए निगेटिव बैलेंस की सीमा में कुछ दिनों तक बिजली चालू रखने का प्रावधान किया गया है।
इसके साथ ही स्पष्ट आदेश दिए गए हैं कि रविवार, त्योहार और सार्वजनिक अवकाश के दिन किसी भी उपभोक्ता की बिजली नहीं काटी जाएगी। बैलेंस कम होने पर उपभोक्ताओं को पहले से सूचना देने के लिए एसएमएस अलर्ट की व्यवस्था भी लागू की गई है।
ऊर्जा मंत्री ने सख्त निर्देश दिए हैं कि किसी भी उपभोक्ता पर स्मार्ट मीटर लगाने का दबाव नहीं बनाया जाएगा। साथ ही पुराने मीटर बदलने की प्रक्रिया पर रोक लगाते हुए शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए 24 घंटे व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
सरकार के इस फैसले से उपभोक्ताओं में राहत और खुशी का माहौल है, लेकिन साथ ही स्थानीय स्तर पर इसके पालन को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में उपभोक्ताओं का कहना है कि कई जगह अब भी अधिकारी और कर्मचारी मनमानी कर रहे हैं। ऐसे में यदि शासन के निर्देशों का पालन नहीं किया गया तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की संभावना भी जताई जा रही है।
स्पष्ट है कि अब जिम्मेदारी केवल आदेश जारी करने की नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर सही तरीके से लागू कराने की भी है। यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो विभागीय कार्रवाई तय मानी जा रही है।
रिपोर्ट – आर के पटेल
ललितपुर
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर


