Uttar Pradesh; अशोक जैन मौत प्रकरण में डीएम सख्त
अस्पताल व्यवस्था और अवैध एम्बुलेंस संचालन पर उठे सवाल, जांच के आदेश

ललितपुर
जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनसुनवाई के दौरान फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। इस दौरान अशोक जैन मौत प्रकरण सामने आने पर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए जांच के आदेश दिए। साथ ही दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश भी जारी किए गए।
जनसुनवाई में पहुंचे निकेतन चौधरी, ममता जैन, आशीष जैन, प्रीति जैन, अंकिता जैन और जया जैन ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उनके चाचा अशोक जैन की अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि अस्पताल में समुचित उपचार नहीं मिला और बिना पर्याप्त चिकित्सा सुविधा के उन्हें रेफर कर दिया गया।
फरियादियों ने आरोप लगाया कि रेफर के दौरान निजी एम्बुलेंस चालक ने पूरा किराया लेने के बावजूद मरीज को ऑक्सीजन सुविधा उपलब्ध नहीं कराई। परिजनों का कहना है कि रास्ते में ही अशोक जैन की हालत और बिगड़ गई तथा उनकी मृत्यु हो गई। इस घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश दिखाई दिया।
अशोक जैन मौत प्रकरण पर डीएम सख्त
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी और एसडीएम सदर की संयुक्त जांच टीम गठित कर सात दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने साफ कहा कि जांच रिपोर्ट में यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
अस्पताल व्यवस्था और एम्बुलेंस संचालन पर नाराजगी
जिलाधिकारी ने जिला अस्पताल के आसपास संचालित अनाधिकृत और मानकविहीन एम्बुलेंसों पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को तत्काल अभियान चलाकर अवैध एम्बुलेंस संचालन पर रोक लगाने और नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
इसके अलावा जनसुनवाई में तहसील महरौनी के ग्राम धबारी निवासी ग्राम प्रधान मठोले ने सरकारी कोटे के भवन निर्माण में बाधा पहुंचाने और निर्माणाधीन दीवार तोड़े जाने की शिकायत दर्ज कराई। इस मामले में एसडीएम महरौनी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
वहीं ग्राम बानपुर निवासी चतरे ने आवंटित भूमि की नाप न होने की शिकायत की। इस पर बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
सहरिया बस्ती में खराब हैंडपंपों की शिकायत
विकासखंड जखौरा के ग्राम बुढ़वार निवासी व्रजभान सिंह ने सहरिया बस्ती में खराब पड़े हैंडपंपों की समस्या उठाई। जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी जखौरा को तत्काल मरम्मत कर पेयजल व्यवस्था सुचारु कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक नागरिक की समस्या का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण पूरी पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ किया जाए।
फोटो कैप्शन: जनसुनवाई के दौरान फरियादियों की समस्याएं सुनते और शिकायती पत्र लेते जिलाधिकारी सत्य प्रकाश।
रिपोर्ट – आर के पटेल
ललितपुर
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



