Uttar Pradesh ; धर्मपुर में डीआईओएस के छापे से मचा हड़कंप मान्यता से अधिक
मान्यता से अधिक कक्षाएं संचालित मिलीं, कई विद्यालयों और कोचिंग संस्थानों को नोटिस जारी

परतावल (महराजगंज)
परतावल क्षेत्र के धर्मपुर में सोमवार को जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा के औचक निरीक्षण से निजी विद्यालयों और कोचिंग संस्थानों में हड़कंप मच गया। जांच के दौरान कई संस्थानों में मान्यता से अधिक कक्षाएं संचालित होती मिलीं, जबकि कुछ स्थानों पर प्रधानाचार्य तक अनुपस्थित पाए गए। मामले को गंभीर मानते हुए डीआईओएस ने कई संस्थानों को नोटिस जारी कर कड़ी चेतावनी दी है।
निरीक्षण के दौरान आरके अकैडमी इंग्लिश मीडियम स्कूल में प्रधानाचार्य मौके पर मौजूद नहीं मिले। विद्यालय में मौजूद उदय शंकर मौर्य ने बताया कि संस्थान को केवल जूनियर हाई स्कूल तक की मान्यता प्राप्त है, लेकिन मौके पर उससे ऊपर की कक्षाएं भी संचालित होती मिलीं। इस पर डीआईओएस ने नाराजगी जताते हुए भविष्य में नियम उल्लंघन होने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी।
इसके बाद आदर्श शिक्षा सेवा संस्थान का निरीक्षण किया गया। यहां सरस्वती शिशु ज्ञान मंदिर का बोर्ड भी लगा मिला। अभिलेखों की जांच में पता चला कि विद्यालय की मान्यता जूनियर हाई स्कूल तक ही है, लेकिन हाई स्कूल और इंटरमीडिएट स्तर की कक्षाएं संचालित की जा रही थीं। इस पर तत्काल नोटिस जारी कर अनधिकृत कक्षाओं को बंद करने के निर्देश दिए गए।
होप कोचिंग क्लासेस धर्मपुर गांव में निरीक्षण के दौरान पाया गया कि संस्था कोचिंग के रूप में पंजीकृत है, लेकिन वहां स्पष्ट बोर्ड तक नहीं लगाया गया था। मौके पर कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राएं पढ़ते मिले। डीआईओएस ने इस पर भी नाराजगी जताई और निर्देश दिया कि कोचिंग संचालन विद्यालय समय से अलग रखा जाए।
इसी क्रम में आरएसके इंस्टीट्यूशन का निरीक्षण किया गया, जहां प्राथमिक स्तर की मान्यता के बावजूद कक्षा 9 और 10 के छात्र मौजूद पाए गए। इस पर तत्काल कक्षाएं बंद कराते हुए नोटिस जारी किया गया।
जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा ने स्पष्ट कहा कि मान्यता से अधिक कक्षाएं संचालित करना गंभीर अनियमितता है। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित संस्थानों को नोटिस जारी कर दिया गया है और भविष्य में नियमों का उल्लंघन मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट – धनंजय पटेल
जिला ब्यूरो – महराजगंज
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



