Uttar Pradesh ; रोजगार की मांग को लेकर महिलाओं ने डीएम कार्यालय पहुंचकर उठाई आवाज
आर्थिक तंगी से जूझ रहीं महिलाओं ने नगर पालिका आउटसोर्सिंग भर्ती में प्राथमिकता देने की मांग की

ललितपुर
आर्थिक संकट और बेरोजगारी से परेशान नगर क्षेत्र की महिलाओं ने शनिवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर रोजगार की मांग उठाई। महिलाओं ने सामूहिक प्रार्थना पत्र सौंपते हुए नगर पालिका परिषद में होने वाली आउटसोर्सिंग भर्तियों में प्राथमिकता के आधार पर रोजगार देने की मांग की।
महिलाओं ने कहा कि लंबे समय से बेरोजगारी और आर्थिक तंगी के कारण परिवार का पालन पोषण करना मुश्किल हो गया है। कई महिलाएं मजबूरी में दूसरों के घरों में काम कर रही हैं, लेकिन इसके बावजूद घर की जरूरतें पूरी नहीं हो पा रही हैं।
जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में महिलाओं ने बताया कि नगर क्षेत्र की अनेक महिलाएं पारिवारिक जिम्मेदारियों के भारी दबाव में जीवन यापन कर रही हैं। रोजगार का कोई स्थायी साधन नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई और घर खर्च चलाना बेहद कठिन हो गया है।
महिलाओं ने प्रशासन से मांग की कि नगर पालिका परिषद में आउटसोर्सिंग के माध्यम से होने वाली नियुक्तियों में बेरोजगार और जरूरतमंद महिलाओं को प्राथमिकता दी जाए। उनका कहना है कि यदि उन्हें रोजगार का अवसर मिलता है तो वे आत्मनिर्भर बन सकेंगी और सम्मानजनक जीवन जी पाएंगी।
महिलाओं ने प्रशासन से सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए जल्द सकारात्मक कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि रोजगार मिलने से न केवल उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, बल्कि उनके परिवार को भी स्थिरता मिलेगी।
प्रार्थना पत्र सौंपने वालों में वार्ड नंबर 2 निवासी आरती, सुषमा, पूनम, वर्षा, काजल, किरन, नीतू, सपना, हेमा, वंदना, रंजना, प्रभा, कंचन और कल्पना सहित कई महिलाएं शामिल रहीं।
रिपोर्ट- आर के पटेल
ब्यूरो, ललितपुर
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



