Uttar Pradesh; मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 220 जोड़े बने जीवनसाथी
नौतनवा में आयोजित समारोह में हिंदू, मुस्लिम और बौद्ध धर्म के जोड़ों का रीति-रिवाज से हुआ विवाह

महराजगंज
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गुरुवार को नौतनवा कस्बे के एक मैरेज हॉल में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 220 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। विभिन्न धर्मों के जोड़ों का विवाह उनकी धार्मिक परंपराओं के अनुसार संपन्न कराया गया। समारोह में बड़ी संख्या में परिजन, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
220 जोड़ों ने शुरू किया नया जीवन
समारोह में हिंदू जोड़ों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे लिए। वहीं मुस्लिम जोड़ों का निकाह इस्लामी रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न हुआ। बौद्ध धर्म के अनुयायियों का विवाह भी उनकी परंपराओं के अनुरूप कराया गया। एक ही मंच पर विभिन्न धर्मों के वैवाहिक संस्कार सामाजिक सौहार्द और एकता का संदेश देते नजर आए।
विधायक ने दी शुभकामनाएं
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी ने नवविवाहित जोड़ों पर पुष्प वर्षा कर उन्हें सुखद दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। इससे बेटियों के विवाह का आर्थिक बोझ कम हुआ है और परिवार सम्मानपूर्वक विवाह संपन्न करा पा रहे हैं।
सरकार की योजनाओं पर दिया जोर
विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना बिना किसी भेदभाव के पात्र परिवारों को लाभ पहुंचा रही है। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंच रहा है।
अतिथियों का हुआ सम्मान
समारोह में ब्लॉक प्रमुख राकेश मद्धेशिया, भाजपा नेता चंद्र प्रकाश मिश्रा, अजय अग्रहरि, राधेश्याम सिंह, नीरज जायसवाल सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। समाज कल्याण अधिकारी विपिन यादव ने अतिथियों का अंगवस्त्र और बुके देकर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन पीडी रामदास चौधरी ने किया। इस अवसर पर बीडीओ अमित मिश्रा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के इस आयोजन ने 220 नवविवाहित जोड़ों के जीवन की नई शुरुआत का साक्षी बनकर सामाजिक समरसता और जनकल्याण का संदेश दिया।
रिपोर्ट – धनंजय पटेल (महराजगंज)
समाचार तक – बेबाक खबर बड़ा असर



