बांधों से पानी छोडऩे से पहले लोगों को सूचित करें, निगरानी हेतु कार्मिकों को लगायें: कमिश्नर
खगोल विज्ञान प्रयोगशाला में बच्चों को दिये टिप्स, विद्यालय में हल कराये गणित के प्रश्न

मण्डलायुक्त व जिलाधिकारी ने जनपद की विभिन्न परियोजनाओं का किया निरीक्षण
ललितपुर
_______________
आयुक्त झांसी, मण्डल झांसी विमल कुमार दुबे व जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने आज विकासखण्ड जखौरा अंतर्गत पू0मा0वि0 रानीपुरा, खगोल विज्ञान प्रयोगशाला, प्रा0वि0 राजघाट के समीप स्थित लाइब्रेरी व कालापहाड़ स्थित लागौन ग्राम समूह पेयजल योजना का औचक निरीक्षण किया। इस अवसर पर सवप्रथम राजघाट बांध परियोजना पहुंचकर जलस्तर की जानकारी ली व प्राकृति सौंदर्य का लुत्फ उठाया। उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बांध से पानी छोडऩे से पहले आसपास के ग्रामों में सूचना दे दी जाये, साथ ही पर्याप्त कार्मिकों की ड्यूटी लगाकर निगरानी रखी जाए। इसके उपरान्त उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया व ग्रामीणों से जनसुनवाई कर उनकी समस्याओं का निस्तारण कराने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने वृक्षारोपण कर जनपदवासियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। ग्राम रानीपुरा स्थित खगोल विज्ञान प्रयोगशाला में मण्डलायुक्त ने स्कूली बच्चों से सुनीता विलियम्स, कल्पना चावला, सोलर सिस्टम, ऋतुओं आदि के बारे में जानकारी ली व बच्चों को विस्तार से बताया। उन्होंने प्रयोगशाला की सराहना करते हुए निर्देश दिये कि बच्चों को स्मार्ट टीवी पर यूट्यूब के माध्यम से कॉन्सेप्टवाइज प्रोजेक्ट दिखायें, ताकि बच्चों के शैक्षिक स्तर का विकास हो सके। जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिये गए कि विद्यालयों में बच्चों को प्रतिदिन 15 मिनट राष्ट्रीय व अन्तर्राष्ट्रीय खबरें पढ़ाई जायें और बतायी जायें, ताकि उन्हें देश विदेश की महत्वूपर्ण घटनाओं के बारे में जानकारी मिल सके। मौके पर उपस्थित डीपीआरओ द्वारा बताया गया कि इस प्रयोगशाला में बच्चे खगोलीय घटनाओं के बारे में सीख रहे हैं। मौके पर मण्डलायुक्त ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय रानीपुरा का निरीक्षण किया। यहां पर उन्होंने बच्चों के शैक्षिक स्तर को परखा व कक्षा 8 के छात्र शिवा से गणित का सवाल हल कराया, बच्चे ने सवाल हल कर दिया, जिस पर मण्डलायुक्त व जिलाधिकारी ने बच्चे व विद्यालय के शैक्षिक स्तर की सराहना की। इसके उपरान्त उन्होंने विद्यालय के परिसर में ही वृक्षारोपण किया व बच्चों को वृक्षारोपण का महत्व समझाते हुए बच्चों से भी वृक्षारोपण कराया और पौधों का संरक्षण रखने हेतु प्रेरित किया। इसके उपरान्त मण्डलायुक्त ने प्राथमिक विद्यालय राजघाट के समीप स्थित नवनिर्मित लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। मौके पर बताया गया कि इस लाइब्रेरी में छात्रों के लिए 2 बड़ी स्टडी टेबिल, 30 कुर्सी व पुस्तकों व पाठ्य सामग्री हेतु 2 बड़े सेल्फ उपलब्ध हैं। जिला पंचायत राज अधिकारी ने अवगत कराया कि पंचायत फण्ड से इस लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए पाठ्य सामग्री, मासिक पत्रिकाएं व दैनिक हिन्दीध्अंग्रेजी समाचार पत्र की व्यवस्था की जाएगी। मण्डलायुक्त ने निर्देश दिये कि लाइब्रेरी में स्मार्ट टीवी लगवाकर पाठ्यसामग्री उपलब्ध करायें। निरीक्षण की श्रंखला में मण्डलायुक्त ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर घर जल योजना से आच्छादित कालापहाड़ स्थित लागौन ग्राम समूह पेयजल योजना का निरीक्षण किया। यहां पर उन्होंने कम्प्यूटर रुम में वॉटर ट्रीटमेंट प्रोसेस को लाइव देखा व जल शुद्धीकरण हेतु कच्चे पानी में मिलाये जाने वाले क्लोरीन की जानकारी प्राप्त की। उपस्थित जल निगम के अधिकारियों द्वारा बताया गया कि जल शुद्धीकरण की निगरानी हेतु 02 ऑपरेटर 12-12 घण्टे की शिफ्ट में लगाये गए हैं, जो पूरी प्रोसेस पर कड़ी निगरानी रखते हैं। इस प्लाण्ट से 49 ग्रामों को पेयजल की आपूर्ति हो रही है। जनपद में 15 ग्रामीण पेयजल परियोजनाएं संचालित हैं, सभी पर वॉटर ट्रीटमेंट प्लाण्ट स्थापित है। मौके पर मण्डलायुक्त ने ग्राम प्रधान से वार्ता कर पेयजल आच्छादन की स्थित जानी, बताया गया कि गांव में शुद्ध पेयजल पहुंच रहा है और उनके गांव में कोई व्यक्ति बीमार नहीं हुआ है, किन्तु पाइपलाइन हेतु खोदी गई सडक़ों की मरम्मत नहीं हुई है, जिससे आवागमन में परेशानी हो रही है। मण्डलायुक्त ने अधिशासी अभियंता जल निगम को निर्देशित किया कि 15 अगस्त को उनके द्वारा गांव में ध्वजारोहण किया जाएगा, 15 अगस्त से पहले गांव की सभी सडक़ें दुरुस्त करा ली जायें, अन्यथा कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि सरकार द्वारा जनपद में इनते बड़े प्लाण्ट लगाकर लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है, अत: सभी यह सुनिश्चित करें कि लोगों के द्वारा इसका प्रयोग वाहन धोने या सिंचाई हेतु न किया जाए। मण्डलायुक्त ने यह भी निर्देश दिये कि ग्राम स्तरीय जल संरक्षण समिति गांव के जल स्रोतों यथा, वॉटर ट्रीटमेंट प्लाण्ट, तालाब आदि का नियमित रुप से निगरानी करते रहें, कहीं भी जल का दोहन न होने दें। इसके उपरान्त मण्डलायुक्त ने वॉटर ट्रीटमेंट प्लाण्ट में वाटर प्रोसेसिंग के कार्य को निरीक्षण कर देखा व वाटर टेस्टिंग लैब में एनालेसिस रजिस्टर का अवलोकन किया, साथ ही परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वि0रा0 अंकुर श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे राजेश कुमार श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी कमलाकांत पाण्डेय, जिला पंचायत राज अधिकारी नवीन मिश्रा, जिला सूचना अधिकारी डीएस दयाल, अधि0 अभियंता जल निगम अवनीश सिंह, खण्ड विकास अधिकारी जखौरा, सचिव ग्राम पंचायत अमित जैन, ग्राम प्रधान व अन्य सम्बंधित अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट –रामकुमार पटेल



