
कटिहार (बिहार)
आम नागरिकों को सरकारी कार्यालयों में बेहतर सुविधा और त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने सबका सम्मान जीवन आसान अभियान के तहत अहम निर्देश जारी किए हैं। शुक्रवार को जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्पष्ट किया गया कि अब प्रत्येक सप्ताह सोमवार और शुक्रवार को सभी सरकारी कार्यालयों में अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे और आमजनों की शिकायतें सुनकर उनका समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करेंगे।
निर्देशों के अनुसार ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल और जिला स्तर के सभी कार्यालयों में संबंधित पदाधिकारी निर्धारित दिनों में अपने कार्यालय कक्ष में उपलब्ध रहेंगे। किसी अपरिहार्य कारण से अनुपस्थिति की स्थिति में वरीय पदाधिकारी स्वयं जनता से मुलाकात करेंगे और समस्याएं सुनेंगे।
सभी कार्यालयों में आगंतुकों के लिए पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, शिकायत पंजी का नियमित संधारण करने तथा प्राप्त शिकायतों की निरंतर समीक्षा के भी निर्देश दिए गए हैं। जिला जन शिकायत कोषांग में प्राप्त मामलों का नियमानुसार त्वरित निष्पादन किया जाएगा।
प्रशासन ने बताया कि जटिल मामलों में संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर दो दिनों के भीतर प्रतिवेदन प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन का मानना है कि इस पहल से आम लोगों को सम्मानजनक वातावरण में समाधान मिलेगा और सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
जिल प्रमंडल प्रभारी – पूर्णिया
समाचार तक – बेबाक खबर बड़ा असर



