
कटिहार।
ऑल इंडिया स्टेशन मास्टर्स एसोसिएशन (अइसमा) के बैनर तले मंगलवार को कटिहार मंडल के स्टेशन मास्टर्स ने मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) कार्यालय के समक्ष शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने ड्यूटी के समय काला बैज पहनकर आगरा कैंट के उप स्टेशन अधीक्षक नरेंद्र सिंह चाहर पर हुए जानलेवा हमले का विरोध जताया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
रेलवे बोर्ड को भेजा ज्ञापन
प्रदर्शन के दौरान स्टेशन मास्टर्स ने डीआरएम के माध्यम से रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और लंबित मांगों का जल्द समाधान करने की अपील की गई।
रिक्त पद भरने की उठाई मांग
स्टेशन मास्टर्स ने कहा कि संवर्ग में रिक्त सभी पदों को शीघ्र भरा जाए, ताकि कर्मचारियों पर कार्य का अतिरिक्त दबाव कम हो सके। इसके साथ ही 12 घंटे की ईआई रोस्टर प्रणाली समाप्त करने तथा रात्रि ड्यूटी में सभी पात्र कर्मचारियों को समान अवसर देने की मांग भी रखी गई।
स्थानांतरण प्रक्रिया आसान बनाने पर जोर
ज्ञापन में आईआरटी और आईआरडी स्थानांतरण प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने की मांग की गई। कर्मचारियों का कहना था कि सुरक्षित और सम्मानजनक कार्य वातावरण उपलब्ध कराना रेलवे प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि केंद्रीय कार्यकारिणी समिति के निर्देशानुसार आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक आगरा कैंट मामले के दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती और स्टेशन मास्टर्स की लंबित मांगों का समाधान नहीं किया जाता।
बड़ी संख्या में कर्मचारी रहे मौजूद
धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व मंडल अध्यक्ष राजेश कुमार, उपाध्यक्ष आकाशदीप और सचिव बी.एम.पी. श्रीवास्तव ने किया। इस दौरान जितेंद्र कुमार जायसवाल, संजीत ठाकुर, बी.डी. मेहता, रोबिन सिंह, अशोक रजक, आर.एस. रजक, एस.के. सुमन, सचिन कुमार, आनंद रंजन, मुकेश कुमार, संजय सिंह, फिरोज खान, विनय कुमार गुप्ता सहित बड़ी संख्या में स्टेशन मास्टर्स मौजूद रहे।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
पूर्णिया प्रमंडल प्रभारी (बिहार)
समाचार तक – बेबाक खबर बड़ा असर



