
जनपद मऊ
मऊ जनपद के मुहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र अंतर्गत ब्लॉक के ग्राम खुशामदपुर दलित बस्ती में बरसात के मौसम में हल्की बारिश के बाद भी सड़कों पर जलजमाव की विकराल समस्या उत्पन्न हो जाती है। गांव के स्कूली बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं, पुरुष और साइकिल व बाइक सवार अक्सर कीचड़ व फिसलन के कारण गिरकर चोटिल हो जाते हैं।
ग्रामीणों ने इस जलजमाव का मुख्य कारण गांव में नाली निर्माण न होना बताया। उनका कहना है कि यदि सड़कों के किनारे नालियां बनाई गई होतीं, तो बारिश का पानी जमा न होता और निकासी की समुचित व्यवस्था रहती। वर्तमान में गांव की कई कच्ची सड़कों पर पानी भराव और कीचड़ की स्थिति बनी रहती है, जिससे दुर्गंध फैलने के साथ-साथ बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
मंगलवार को इस समस्या से त्रस्त होकर गांव के दर्जनों महिला-पुरुषों ने पानी में खड़े होकर विरोध प्रदर्शन किया और संबंधित विभागीय अधिकारियों से मांग की कि गांव के सभी क्षतिग्रस्त मार्गों और जलजमाव वाले इलाकों में जल्द सुधार कार्य किया जाए।
ग्रामीणों की अन्य मांगों में—
शौचालय निर्माण,
आवास योजना का लाभ,
वृद्धा एवं विधवा पेंशन की सुविधा,
अंबेडकर पार्क में डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति की स्थापना
शामिल रही।
प्रदर्शन में आनंद कुमार, रिंकल देवी, गुंजन देवी, ममता देवी, अनिल, दीपू कुमार, बबलू कुमार, शंभू राम, रामू, मोनू कुमार, अशोक और कमलेश समेत दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों का आरोप है कि ब्लॉक से जुड़े सफाईकर्मी भी समय पर गांव नहीं पहुंचते, जिससे स्थिति और अधिक खराब हो जाती है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द नाली निर्माण व सड़क मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हुआ, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।
रिपोर्ट: अजीत पटेल, समाचार तक- जनपद मऊ



